MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र के भिखनपुरा गांव में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को कमलपुरा-फतेहाबाद मुख्य मार्ग पर रखकर करीब साढ़े तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।


घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात पारू पुलिस दहेज हत्या के एक मामले में फरार आरोपी उमेश ठाकुर के घर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान उसके पुत्र पिंटू कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस कार्रवाई से गांव में अफरातफरी मच गई। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली 69 वर्षीय मुनकिया देवी घबराकर घर से निकलने लगीं और अचानक गिर पड़ीं। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।


महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। कुछ लोग इसे पुलिस छापेमारी के दौरान मची अफरातफरी से जोड़ते हुए मौत का कारण बता रहे थे। वहीं, कुछ ग्रामीणों का दावा था कि ठनका (वज्रपात) गिरने से महिला की मौत हुई है। दोनों ही स्थिति में मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।


आक्रोशित लोगों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर कमलपुरा-फतेहाबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पारू और देवरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय विधायक शंकर प्रसाद यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।


ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत छापेमारी के दौरान नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।