मुजफ्फरपुर में रविवार को एनएच-27 पर श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो सवार दो महिलाओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
घटना कांटी थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर छिन्नमस्तिका मंदिर के पास हुई. बताया गया कि मीनापुर थाना क्षेत्र के गंगटी गांव के रहने वाले श्रद्धालु ऑटो से गोपालगंज स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे. ऑटो में महिला और पुरुष समेत करीब नौ लोग सवार थे.
ओवरटेक करने के दौरान ऑटो में मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का ऑटो छिन्नमस्तिका मंदिर के पास पहुंचा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने ओवरटेक करने के प्रयास में ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो में सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
दुर्घटना में अरुणा कुमारी, ममता कुमारी, संगीता देवी, मुकेश कुमार, चंचल कुमारी, गीता देवी और राजेश शाह समेत कई लोग घायल हुए हैं. घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
घायल राजेश शाह ने बताया कि पिकअप की टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गए. हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई है. वहीं, घायल मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि पिकअप चालक तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था. ओवरटेक करने के दौरान उसने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी और रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी ली और फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है.