Bihar News: मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण मामले को लेकर पीड़ित परिवार का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। बेटी के लापता होने के 10 दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज पिता थाना के सामने सड़क पर लेट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी नाबालिग बेटी का अपहरण हुए 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस उसे बरामद करने में पूरी तरह विफल रही है। परिवार का कहना है कि वे लगातार थाना और अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, कार्रवाई नहीं।


परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई के नाम पर उनसे पैसों की मांग की जा रही है। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों की ओर से कहा गया कि “पैसा देंगे तो लड़की को खोजने जाएंगे।” हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि मुशहरी थाना क्षेत्र के बिंदा गांव में पिछले 22 दिनों के भीतर दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण के मामले सामने आ चुके हैं। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं दिख रही है।


पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि अब तक उन्हें एफआईआर की प्रति तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे परिजन खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। इसी निराशा और आक्रोश के बीच नाबालिग लड़की के पिता मुशहरी थाना के सामने सड़क पर लेट गए और प्रशासन से इंसाफ की मांग करने लगे।


घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। कुछ देर के लिए थाना परिसर के बाहर माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।