MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर आ रही है, जहां मुशहरी थाना क्षेत्र के नरौली चौक पर बुधवार को एक चलती महिंद्रा XUV 500 में अचानक आग लग गई। कार में एक ही परिवार के 6 लोग सवार थे। गाड़ी से धुआं निकलता देख कार चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और उसमें सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। धू-धूकर कर जल रही कार देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में गाड़ी जलकर राख हो गयी।
बताया जाता है कि एक्सयूवी कार मुजफ्फरपुर शहर से पूसा की ओर जा रही थी। तभी नरौली चौक के पास चालक चंद्रमणि ने स्टीयरिंग के पास धुआं और आग निकलते हुए देख लिया। जिसके बाद तत्काल गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया और कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। उन्होंने सूझ-बूझ से काम लिया जिसके कारण एक ही परिवार के 6 लोगों की जान बच गयी।
कार में चंद्रमणि के अलावा उनकी मां, चाची, पत्नी, भाई की पत्नी और दो छोटे बच्चे सवार थे। चंद्रमणि ने बताया कि उनका परिवार मुजफ्फरपुर शहर में बीएमपी-6 के पास रहता है। सभी लोग वहां से घड़इया सावनी घड़ी पूजा के लिए अपने मूल गांव, सकरा थाना क्षेत्र के बलुआ गांव जा रहे थे। इसी दौरान नरौली चौक के पास अचानक कार में आग लग गई।
पूजा का सामान भी जलकर राख
चंद्रमणि ने बताया कि हादसे में परिवार के किसी भी सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। समय रहते सभी लोगों को कार से बाहर निकाल लिया गया। एक्सयूवी कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 06 BH 2525 बताया गया है। जो करीब 8 साल पुराना बताया जा रहा है।
अग्निशमन यंत्र से नहीं बुझी आग
सभी लोगों के कार से बाहर निकलने के बाद आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल किया गया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में लपटें पूरी कार में फैल गईं और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जल गया।
आग की लपटें कई फीट ऊपर तक उठ रही थीं और मौके पर काले धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा था। सड़क से गुजर रहे लोग भी घटना देखकर सहम गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार में आग लगने से सड़क पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।