Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के एक थाना क्षेत्र के गांव में नाबालिग बेटी से लंबे समय तक जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी.


पीड़िता के अनुसार, उसकी मां का वर्ष 2019 में निधन हो गया था. उसके दो छोटे भाई हैं. आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष से उसका पिता उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी.


पीड़िता ने बताया कि 17 अगस्त को उसने अपने बड़े पापा और बड़ी मां को पूरी घटना की जानकारी दी. दोनों ने जब आरोपित से इस बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर हंसिया और तलवार लेकर उन्हें भी खदेड़ दिया.


शुक्रवार को आरोपित ने दोबारा पीड़िता के साथ जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया. इसी दौरान मामले की सूचना डायल-112 पुलिस टीम को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.


पीएसआई अनुराधा सहाय ने बताया कि आरोपित को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पीड़िता को महिला हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया है. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.


भू-विवाद में दो भाइयों के बीच मारपीट, एक गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा खोरमपुर तिवारी टोला में गुरुवार रात जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हो गई. इस दौरान चंदू तिवारी पर अपने भाई राजेश्वर तिवारी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है.


जख्मी राजेश्वर तिवारी ने सरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई चंदू तिवारी ने अपने हिस्से से अधिक जमीन बेच दी थी. इसी बात को लेकर वह गुरुवार रात उनसे पूछने गए थे, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया और आरोपित ने उन पर हमला कर दिया.


सरैया थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित चंदू तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


सुबह दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे युवक को गोली मारी, आरोपी फरार

मुजफ्फरपुर के जैतपुर थाना क्षेत्र में सुबह दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे नागेश्वर ठाकुर उर्फ नागा ठाकुर को गोली मारने का मामला सामने आया है. गोली उनके कंधे के नीचे लगी और आर-पार हो गई. घटना के बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.


घायल ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब छह बजे वह घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे थे. इसी दौरान प्रिंस कुमार पीछे से आया और उन्हें आवाज दी. जैसे ही उन्होंने पीछे मुड़कर देखा, प्रिंस ने उन पर गोली चला दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.


परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रिंस कुमार पहले भी दो बार जेल जा चुका है. घटना की सूचना मिलने के बाद जैतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की.


जैतपुर थानाध्यक्ष रजनीकांत पटेल ने बताया कि घायल नागेश्वर ठाकुर के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी प्रिंस कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.