मुजफ्फरपुर: बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। मुजफ्फरपुर में देर रात एक दूध कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह भोज खाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी सुनसान रास्ते पर अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। उनके साथ मारपीट की गई और गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर छोड़कर बदमाश फरार हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान बाजितपुर अशोक गांव निवासी 38 वर्षीय संजय कुमार राय के रूप में हुई है। वह दूध कारोबार से जुड़े थे और दूध सेंटर के सचिव भी बताए जा रहे हैं। संजय अपने कारोबार के जरिए परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार की रात उनके साथ हुई इस वारदात ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
भोज से लौटते समय रास्ते में घेर लिया
परिजनों के मुताबिक, संजय कुमार शनिवार की रात रतनपुर गांव में भोज खाने गए थे। वहां से वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे वह भसोन से राजापाकड़ जाने वाली सड़क के सुनसान हिस्से से गुजर रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले उन्हें रोका और फिर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर उनके सिर पर पिस्टल की बट से जोरदार वार किया गया। हमला इतना गंभीर था कि संजय सड़क पर ही गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
गायब मिली सोने की चेन, घटनास्थल पर टूटा मिला हनुमानी
इस घटना के बाद लूटपाट की आशंका भी गहराने लगी है। मृतक के पिता बुधन राय और बेटे निकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर संजय की बाइक खड़ी मिली थी। उनके गले में पहनी सोने की चेन गायब थी, जबकि गले में पहना हनुमानी टूटा हुआ घटनास्थल पर ही मिला।
परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने लूटपाट के दौरान संजय के साथ मारपीट की और विरोध करने पर उनके सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया। हालांकि, वारदात के पीछे लूटपाट ही वजह थी या कोई दूसरी साजिश, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
सड़क पर गंभीर रूप से घायल संजय को देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सकरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
संजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। जिस व्यक्ति की रोजी-रोटी दूध के कारोबार से चलती थी, उसकी इस तरह मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
हत्या, लूट या सड़क हादसा? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्वी-2 के एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह और बरियारपुर थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
एसडीपीओ के अनुसार, संजय गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर मिले थे और उनकी बाइक घटनास्थल पर ही खड़ी थी। परिजनों ने लूटपाट के दौरान मारपीट किए जाने की बात कही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उनकी मौत सड़क दुर्घटना में हुई या मारपीट के दौरान लगी चोटों के कारण। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान, घटना की असली वजह और लूटपाट की आशंका जैसे सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा।