Bihar Police Camp: पर्व-त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों से मुजफ्फरपुर लौटने वाले प्रवासियों को अब अपने केस-मुकदमे और पुलिस से जुड़े काम के लिए अलग-अलग थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. मुजफ्फरपुर पुलिस की ओर से प्रवासियों की सुविधा के लिए विशेष कैंप लगाने की तैयारी की जा रही है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र की पहल पर लगाए जाने वाले इस कैंप में प्रवासियों को केस की स्थिति से लेकर चरित्र सत्यापन और कानूनी सलाह तक की सुविधा एक ही जगह पर उपलब्ध कराई जाएगी.
एक ही जगह मिलेगी कई तरह की जानकारी
विशेष कैंप में प्रवासियों को उनके पुराने और वर्तमान मुकदमों की स्थिति की जानकारी दी जाएगी. संबंधित मामले में पुलिस की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है, इसकी भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा किसी मामले में वारंट या कुर्की-जब्ती की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी भी कैंप में मिल सकेगी.
नौकरी या दूसरे जरूरी काम के लिए चरित्र सत्यापन कराने वाले प्रवासियों को भी यहां सहायता दी जाएगी. पुलिस से जुड़े मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया क्या होगी और आवेदन कैसे किया जाना है, इसे लेकर भी उन्हें जरूरी मार्गदर्शन दिया जाएगा. इसके साथ ही नई शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी मौके पर जानकारी दी जाएगी.
घर बैठे दर्ज करा सकेंगे अपनी समस्या
प्रवासियों की सुविधा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी करने जा रहा है. इसके लिए जल्द एक ऑनलाइन लिंक जारी किया जाएगा. प्रवासी घर बैठे अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकेंगे.
ऑनलाइन माध्यम से पहले से मिली शिकायतों और समस्याओं के आधार पर पुलिस कैंप में आने वाले लोगों की जरूरत का आकलन करेगी. इससे कैंप के दौरान लोगों को संबंधित अधिकारी तक पहुंचने और अपनी समस्या का समाधान कराने में आसानी होगी.
पहले मरीन ड्राइव पुलिस कार्यालय में लगेगा कैंप
शुरुआती चरण में विशेष कैंप मरीन ड्राइव स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित किया जाएगा. अगर यहां आवेदकों की संख्या ज्यादा होती है तो कैंप को पुलिस लाइन में शिफ्ट किया जा सकता है. जरूरत के अनुसार बाद में अनुमंडल स्तर पर भी ऐसे कैंप आयोजित करने की योजना है.
दूसरे राज्यों से त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के मुजफ्फरपुर लौटने को देखते हुए पुलिस ने यात्रा सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया है. रेलवे जंक्शन और बस स्टैंड पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. यात्रियों की सुरक्षा के लिए वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
पुलिस की टीम जंक्शन और बस स्टैंड पर आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी. यात्रियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने के लिए विशेष बस सेवा की व्यवस्था भी की जा रही है.