MUZAFFARPUR: बिहार में 10 साल से पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन इसकी हकीकत क्या है, यह किसी से छिपी हुई नहीं है। कोई ऐसा दिन नहीं होगा कि शराब बरामद नहीं होता होगा और तस्कर पकड़े नहीं जाते होंगे। शराबबंदी वाले राज्य बिहार में तो अब दवा दुकान में शराब मिल रही है। यह हम नहीं कह रहे हैं बल्कि मुजफ्फरपुर पुलिस की कार्रवाई में इस बात का खुलासा हुआ है।
मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल दुकान से 120.415 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक शरतचन्द्र गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
2 अक्टूबर 2026 की शाम गुप्त सूचना के आधार पर तुर्की थाना क्षेत्र स्थित गुप्ता मेडिकल हॉल में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान दुकान में दवाओं की आड़ में विभिन्न ब्रांड की शराब का भंडारण किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 120.415 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की।
जब्त शराब में किंगफिशर बीयर, रॉयल स्टैग, इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल्स समेत कई ब्रांड शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल दुकान की आड़ में शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
मामले में गिरफ्तार दुकान संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मामले की जानकारी एसडीपीओ पश्चिमी-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। कार्रवाई में तुर्की थानाध्यक्ष सेंटू कुमार, एसआई साकेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम शामिल रही।