Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. घटना के करीब 20 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मनियारी थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर थाने पहुंचे. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना था कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे पीड़ित परिवार को डर का माहौल बना हुआ है.
प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय पंचायत के मुखिया अवधेश साहनी ने किया. उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना को लगभग 20 दिन हो चुके हैं, लेकिन नामजद आरोपी शिवम मिश्रा की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है.
मुखिया ने कहा कि पुलिस की धीमी कार्रवाई के कारण ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है.
जानकारी के अनुसार मामला मनियारी थाना क्षेत्र की एक पंचायत का है. आरोप है कि करीब 20 दिन पहले पड़ोस के रहने वाले युवक शिवम मिश्रा ने एक दलित नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ की और गलत हरकत करने का प्रयास किया.
घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से मनियारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर लोगों में नाराजगी बढ़ती चली गई.
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और मामले की तेज गति से जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. लोगों ने मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.