MUZAFFARPUR: सम्राट चौधरी की सरकार में आए दिन लड़कियों के साथ छेड़खानी का मामला सामने आ रहा है। जमुई, समस्तीपुर, बांका, मधेपुरा, मधुबनी और किशनगंज के बाद अब मुजफ्फरपुर में नया मामला सामने आया है। जो दलित नाबालिग बच्ची से छेड़खानी से जुड़ा हुआ है।
मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग दलित लड़की के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने रविवार, 27 सितंबर 2026 को मनियारी थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि शनिवार, 26 सितंबर की रात करीब 8 बजे उसके साथ वार्ड सदस्य ने छेड़खानी की।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित पोखर के बथान पर फोन लेकर अपनी दादी से रिश्तेदार की बात कराने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सुनसान जगह पर पड़ोसी वार्ड सदस्य ने उसे कथित तौर पर जबरदस्ती झाड़ी की ओर ले जाने का प्रयास किया और उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान रास्ते से एक व्यक्ति को आते देखकर आरोपित ने उसे छोड़ दिया।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद वह वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन आरोपित के घर पूछताछ के लिए पहुंचे, लेकिन वह घर पर नहीं मिला।
मामले में पीड़िता की ओर से रविवार को मनियारी थाना में लिखित शिकायत दी गई है। वहीं, एसडीपीओ पश्चिमी-2 अनिमेष ग्यानी ने बताया कि पीड़िता की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। घटना का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वो खुद मामले को गंभीरता से देख रहे हैं। आरोप सही पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।