Bihar News: मुजफ्फरपुर के मझौलिया रेलवे फाटक के पास रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. जेसीबी से मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू होते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासन की टीम को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा. इसके बाद अधिकारियों ने लोगों को अपना सामान हटाने के लिए एक घंटे की मोहलत दी.


दरअसल, मझौलिया रेलवे फाटक के पास रेलवे की जमीन पर कई वर्षों से लोगों ने झोपड़ीनुमा मकान बना रखे हैं. रेलवे प्रशासन का कहना है कि करीब दो साल पहले भी इस इलाके से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कार्रवाई के बाद लोगों ने दोबारा जमीन पर कब्जा कर लिया. इसके बाद वहां नए निर्माण के साथ पुराने मकानों का भी विस्तार किया जाने लगा.


रेलवे प्रशासन की ओर से इस बार अतिक्रमण हटाने की पूरी तैयारी की गई थी. अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे के जीएम की ओर से पत्र जारी किया गया था. इसके बाद मंडल स्तर से भी अतिक्रमण हटाने का आदेश मिला था. कार्रवाई से पहले स्थानीय लोगों को नोटिस दिया गया था और इलाके में अनाउंसमेंट कराकर भी इसकी जानकारी दी गई थी.


जेसीबी पहुंचते ही जुटी भीड़, पुलिस को पीछे हटना पड़ा

अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और आंसू गैस दस्ता तैनात किया गया था. जैसे ही जेसीबी से मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई, स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा होने लगा.


लोगों के विरोध और बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस बल और जेसीबी को पीछे हटना पड़ा. इसके बाद प्रशासन की ओर से लोगों को अपना सामान हटाने के लिए एक घंटे का समय दिया गया. फिलहाल रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा.