Bihar Police: बिहार के मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मद्यनिषेध विभाग से मिले इनपुट के आधार पर हथौड़ी थाना क्षेत्र में की गई इस छापेमारी में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है, जबकि मौके से तस्कर फरार होने में सफल रहे।
पूरा मामला पटना मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो से मिले एक गुप्त इनपुट से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई गाछी इलाके में शराब की बड़ी खेप उतारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही इसे मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ साझा किया गया, जिसके बाद तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां शराब की अनलोडिंग चल रही थी। अचानक पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग और तस्कर घबराकर वाहन और शराब छोड़कर जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने काफी पीछा भी किया, लेकिन घने इलाके का लाभ उठाकर सभी आरोपी भाग निकलने में सफल रहे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 3389.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब कई कार्टनों में छिपाकर रखी गई थी और इसे अलग-अलग वाहनों के जरिए एक संगठित तरीके से ढोया जा रहा था।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 5 वाहन जब्त किए हैं, जिनमें एक बड़ा ट्रक, एक महिंद्रा थार, एक पिकअप वैन और दो कारें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन कुढ़नी क्षेत्र की एक फर्नीचर दुकान से जुड़ी हुई है, जिसकी भी जांच की जा रही है। वहीं दो कारों में भारी मात्रा में शराब लदी हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तस्करों द्वारा लग्जरी और वीआईपी नंबर वाली गाड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो। महंगी गाड़ियों की आड़ में यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और अलग-अलग राज्यों व जिलों में शराब की सप्लाई कर रहा था।
एसएसपी के निर्देश पर मामले में हथौड़ी थाने में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान में जुटी हुई है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।