Viral Train Video: मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर कपरपुरा स्टेशन के पास चलती ट्रेन पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है. घटना से जुड़ा एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. वीडियो में कुछ महिलाओं पर गुजरती ट्रेन की खिड़कियों पर पत्थर और ईंट फेंकने का आरोप लगाया गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच शुरू कर दी है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ आरपीएफ को टैग करते हुए शिकायत भी की गई है. पोस्ट में दावा किया गया है कि कपरपुरा स्टेशन के पास कुछ महिलाएं चलती ट्रेन की खिड़कियों को निशाना बनाकर पत्थर और ईंट फेंक रही थीं. शिकायतकर्ता ने इस घटना में ट्रेन के अंदर बैठे कई यात्रियों के घायल होने की बात भी कही है.
वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ईस्ट सेंट्रल रेलवे और समस्तीपुर मंडल के वरीय अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया. अधिकारियों ने आरपीएफ पोस्ट मोतिहारी को पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
प्रारंभिक जांच में वायरल वीडियो में कपरपुरा स्टेशन का नाम लिखा बोर्ड दिखाई दिया है. इससे घटनास्थल की पहचान हो गई है. हालांकि, वीडियो में दिखाई गई घटना किस तारीख की है और किस ट्रेन पर पथराव किया गया था, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
आरपीएफ मोतिहारी की टीम वीडियो की सत्यता की जांच करने के साथ स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर रही है. साथ ही पथराव करने के आरोप में सामने आई महिलाओं की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
रेलवे प्रशासन ने मामले में दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है. फिलहाल आरपीएफ की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वायरल वीडियो कब का है और पूरी घटना किन परिस्थितियों में हुई थी.