MUZAFFARPUR: लोक आस्था का महापर्व छठ के समापन के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी का जायजा लेने पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग मंगलवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे। करीब 11 बजे स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक ने दोनों ओर बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान समस्तीपुर मंडल के डीआरएम, एडीआरएम समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों के प्रवेश और निकास पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि स्टेशन परिसर में भीड़ एक जगह जमा न हो। साथ ही यात्री सुविधा, सुरक्षा और संरक्षा के साथ ट्रेनों का सुचारू परिचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


पिछले साल से दोगुना होगा होल्डिंग एरिया

इस बार रेलवे की सबसे बड़ी तैयारी होल्डिंग एरिया को लेकर है। पिछले साल की तुलना में करीब दोगुना होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ट्रेन आने से पहले यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने के बजाय निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से ठहराना है। इन होल्डिंग एरिया में सीसीटीवी कैमरे, डिस्प्ले बोर्ड और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को ट्रेनों के आवागमन की जानकारी मिलती रहे।


क्राउड मैनेजमेंट के लिए विशेष प्लान

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने विशेष क्राउड मूवमेंट प्लान तैयार किया है। इसके तहत आरपीएफ और रेलवे कर्मचारी होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही को फुट ओवरब्रिज के माध्यम से नियंत्रित करेंगे। सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्डिंग सिस्टम से भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी।


इसके अलावा स्टेशन पर वार रूम और कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं, जहां परिचालन, वाणिज्य और सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी होगी। अधिकारियों को हर गतिविधि पर नजर रखने और जरूरी अपडेट ऑनलाइन साझा करने का निर्देश दिया गया है।


पेयजल, शौचालय और एंबुलेंस की भी व्यवस्था

यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर पेयजल, शौचालय और मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्पेयर रैक लगाकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की भी तैयारी है। ट्रेन के प्रस्थान समय के अनुसार यात्रियों को होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाएगा।


महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्टेशनों पर तैयारियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं, ताकि प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।


जिला प्रशासन भी रेलवे के साथ मिलकर करेगा काम

वहीं, जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि छठ पूजा की समाप्ति के बाद बड़ी संख्या में यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे। इसे देखते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। यात्रियों के लिए पेयजल, डिस्प्ले बोर्ड और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जिला प्रशासन की ओर से रेलवे को पूरा सहयोग दिया जाएगा।


इस दौरान जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा और नगर आयुक्त ने भी रेलवे अधिकारियों के साथ जंक्शन और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को आपसी समन्वय से होल्डिंग एरिया का संचालन, नियमित ट्रेन उद्घोषणा, चलंत शौचालय, एंबुलेंस, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। स्टेशन के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया।


छठ के बाद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में रेलवे और जिला प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से उनकी ट्रेनों तक पहुंचाने की होगी।


छठ महापर्व के बाद यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे ने विशेष तैयारी की है। पिछले साल की तुलना में दोगुना होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के GM डिम्पी गर्ग ने स्टेशन का निरीक्षण कर अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के निर्देश दिए।