Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के जजुआर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है. किशोरी का शव पांच दिन पहले दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र में सुनसान जगह से बरामद हुआ था. जांच के दौरान पुलिस को किशोरी की पहचान मुजफ्फरपुर के टेकवारा गांव निवासी के रूप में हुई. इसके बाद मामले में परिवार के लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है.
मामला जजुआर थाना क्षेत्र की कटाई पंचायत के टेकवारा गांव का है. किशोरी चार बहनों में सबसे छोटी थी. शव मिलने के बाद कमतौल पुलिस ने उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों में तस्वीर साझा की थी. जांच के दौरान पुलिस टेकवारा गांव पहुंची तो किशोरी का घर बंद मिला और परिवार के सभी सदस्य गायब मिले.
किशोरी की पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने उसके परिवार के लोगों की तलाश शुरू कर दी है. जजुआर थानाध्यक्ष रौशन कुमार मिश्रा के अनुसार, परिवार के लोगों की भूमिका समेत हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों के घटना के बाद से गायब होने के कारण पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है.
करीब पांच दिन पहले कमतौल थाना क्षेत्र के मालपट्टी-हरिहरपुर मार्ग पर सिसवनी के सुनसान इलाके में किशोरी का शव मिला था. शव मिलने के बाद कमतौल पुलिस ने जांच शुरू की और मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया. जांच के दौरान पुलिस को किशोरी के जजुआर थाना क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी मिली.
कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए किशोरी के साथ मारपीट किए जाने की आशंका है. उसके नाक और मुंह से खून निकला हुआ था और गले पर यू आकार का काला निशान मिला था. पुलिस को आशंका है कि गला कसने की वजह से यह निशान बना होगा. मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी.
पुलिस किशोरी के प्रेम-प्रसंग से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से परिवार के लोगों ने उसकी हत्या की होगी. हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है.
कमतौल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. वहीं जजुआर पुलिस किशोरी के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के साथ परिवार के सदस्यों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी है.