Horror Killing in Bihar: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक भाई ने अपनी ही बहन के प्रेम विवाह से नाराज होकर खौफनाक कदम उठा लिया। साहेबगंज थाना क्षेत्र के खुरशेदा गांव में आरोपी भाई ने अपने बहनोई की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।


मृतक की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जिन्होंने वर्ष 2024 में केसरिया की रहने वाली शिल्पी कुमारी से प्रेम विवाह किया था। यह शादी अंतर्जातीय थी, जिसे शिल्पी का भाई सुमंत कुमार स्वीकार नहीं कर पा रहा था। परिवार में इस रिश्ते को लेकर पहले से ही तनाव का माहौल था।


बताया जाता है कि 17 अप्रैल को सुमंत कुमार ने अपने बहनोई सुनील को फोन कर ससुराल आने के लिए बुलाया। सुनील स्कूटी से घर से निकले, लेकिन वह ना तो ससुराल पहुंचे और ना ही वापस लौटे। उनके अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।


इसके बाद पत्नी शिल्पी कुमारी ने साहेबगंज थाने में पति के अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सुराग जुटाने लगी। इसी दौरान सुनील की स्कूटी मोतिहारी जिले के बिजधरी थाना क्षेत्र में एक नहर के पास लावारिस हालत में मिली, जिससे मामला और गंभीर हो गया।


पुलिस ने जब मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, तो आखिरी कॉल साले सुमंत कुमार का पाया गया। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और सुमंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और पूरे मामले का खुलासा कर दिया।


सुमंत ने कबूल किया कि वह अपनी बहन के दूसरी जाति में शादी करने से बेहद नाराज था और इसी गुस्से में उसने अपने बहनोई की हत्या कर दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बधना चौड़ इलाके से सुनील का शव बरामद किया, जिसे जमीन में दबाकर छिपा दिया गया था। पुलिस ने शव को खुदाई कर बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


इस मामले में राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि आरोपी सुमंत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में परिवार का कोई अन्य सदस्य शामिल था या नहीं।


पीड़िता शिल्पी कुमारी ने बताया कि उसे पहले से ही आशंका थी कि उसका भाई इस रिश्ते को लेकर कुछ गलत कर सकता है, क्योंकि वह इस शादी को कभी स्वीकार नहीं कर पाया था।