Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में पुलिस की विशेष टीम ने कच्ची पक्की थाना क्षेत्र के शेरपुर दिघड़ा इलाके में छापेमारी कर करीब 2 लाख मूल्य की हेरोइन बरामद की है. पुलिस ने मौके से पति-पत्नी को भी गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने महुआ से हेरोइन और नशीले कैप्सूल लाकर मुजफ्फरपुर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत पुलिस को शेरपुर दिघड़ा इलाके में एक घर से मादक पदार्थों की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर विशेष टीम ने संदिग्ध घर में छापेमारी की.
तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 2 लाख की हेरोइन मिली. मौके से राधा देवी और उसके पति संजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया. बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर पुलिस ने दोनों आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी.
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार पति-पत्नी ने बताया कि वे वैशाली जिले के महुआ इलाके से हेरोइन और नशीले कैप्सूल की खेप लेकर आते थे. इसके बाद मुजफ्फरपुर के अलग-अलग इलाकों में इसकी सप्लाई और खुदरा बिक्री की जाती थी.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों को मादक पदार्थ की खेप कौन उपलब्ध कराता था और मुजफ्फरपुर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी.
पुलिस जांच में इस मामले में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. करीब दो दिन पहले ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन और ज्वेलरी के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान दिघड़ा से गिरफ्तार पति-पत्नी और ब्रह्मपुरा में पकड़े गए तीनों आरोपितों के बीच एक ही सिंडिकेट से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस अब दोनों मामलों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले लोगों और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिल सकती है.
टाउन सीडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम करने की बात सामने आई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है.
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपितों से आमने-सामने पूछताछ के बाद गिरोह के मुख्य सरगना और महुआ से जुड़े सप्लायरों के संबंध में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.