Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां चोरों ने बकरियां चुराने के लिए हरे रंग के CNG ऑटो का इस्तेमाल किया. अहियापुर थाना क्षेत्र के न्यू पुलिस लाइन आदर्शनगर एमआईटी इलाके से एक महिला की पांच बकरियां चोरी हो गईं. घटना के बाद इलाके में इसकी चर्चा हो रही है. पीड़ित महिला ने अहियापुर थाने में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, आदर्शनगर निवासी यासमीन खातून की पांच बकरियां बीते 21 नवंबर को अचानक गायब हो गईं. काफी देर तक बकरियों का पता नहीं चलने पर महिला और उनके परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की. लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया.
CCTV में दिखा हरे रंग का CNG ऑटो
बकरियों की तलाश के दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक अहम सुराग मिला है. पीड़िता की ओर से दिए गए आवेदन में बताया गया है कि घटना से जुड़ी फुटेज में हरे रंग का एक CNG ऑटो दिखाई दे रहा है. आशंका जताई जा रही है कि इसी ऑटो से चोर इलाके में पहुंचे थे और पांचों बकरियों को लेकर फरार हो गए.
महिला ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
पांच बकरियों की चोरी के बाद यासमीन खातून ने अहियापुर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और चोरी गई बकरियों को बरामद करने की मांग की है.
मामले की शिकायत मिलने के बाद अहियापुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. इसके साथ ही हरे रंग के CNG ऑटो और उसमें सवार संदिग्ध लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने में जुटी है.