MUZAFFARPUR:बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां समाज और जाति की बंदिशों को तोड़कर एक प्रेमी जोड़ा घर से फरार हो गया। अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है, युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने परिवार और पुलिस से उनके रिश्ते को स्वीकार करने की अपील की है। युवती ने कहा कि उसके प्रेमी और ससुरालवालों को परेशान ना किया जाए।


जानकारी के अनुसार, मोतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली काजल यादव और गौतम तिवारी के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम-संबंध था। काजल यादव समाज से ताल्लुक रखती है, जबकि गौतम ब्राह्मण समाज से है। दोनों के रिश्ते का युवती के परिवार, खासकर उसके भाई सचिन ने शुरू से विरोध किया। परिवार के विरोध और अपने रिश्ते पर खतरा मंडराता देख दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और 5 मई को घर छोड़कर फरार हो गए।


युवती के घर से गायब होने के बाद परिजनों ने 6 मई 2026 को मोतीपुर थाने में कांड संख्या 163/26 के तहत अपहरण का मामला दर्ज कराया। एफआईआर में गौतम तिवारी को नामजद आरोपी बनाया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और लड़के के परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने गौतम की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्हें बाद में पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।


इसी बीच प्रेमी जोड़े ने सोशल मीडिया पर दो-तीन वीडियो साझा कर पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। वायरल वीडियो में काजल और गौतम साथ नजर आ रहे हैं। दोनों ने दावा किया है कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी कर चुके हैं। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोर्ट के नोटरी पेपर भी दिखाए हैं।


वीडियो में भावुक नजर आ रही काजल ने कहा, “मेरे दीवाने को इतना न सताओ। हमने अपनी मर्जी से शादी की है और हम एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते। हमारे खिलाफ दर्ज अपहरण का मामला पूरी तरह गलत है। कृपया गौतम के परिवार को परेशान करना बंद करें।”


मामले को लेकर मोतीपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर नामजद अपहरण का केस दर्ज किया गया है। पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है। फिलहाल दोनों फरार हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के सामने आने पर युवती का न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा और अदालत के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।