MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर में शादी समारोह के दौरान डीजल खत्म होने पर युवकों ने ऐसा जुगाड़ लगाया कि उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनपुरा का है, जहां एक शादी समारोह के बीच अचानक जेनरेटर का डीजल खत्म होने लगा। बिजली कटने और कार्यक्रम बाधित होने की आशंका से घरवालों की चिंता बढ़ गई।


दरअसल, मिठनपुरा निवासी जोगिंदर राय के घर शादी का कार्यक्रम चल रहा था। मेहमानों की भीड़ और शादी की रस्मों के बीच जब जेनरेटर में डीजल कम होने की जानकारी मिली तो परिवार के लोगों ने तुरंत एक युवक को गैलन लेकर पास के पेट्रोल पंप पर भेजा। लेकिन वहां पेट्रोल पंप कर्मियों ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए खुले गैलन में डीजल देने से साफ इनकार कर दिया। काफी कोशिशों के बावजूद युवक खाली हाथ वापस लौट आया।


इधर शादी वाले घर में परेशानी बढ़ती जा रही थी। लोगों को डर था कि अगर जेनरेटर बंद हो गया तो पूरा समारोह प्रभावित हो जाएगा। ऐसे में घर के चार-पांच युवकों ने मिलकर एक अनोखा उपाय निकाला। उन्होंने फैसला किया कि जब गैलन में डीजल नहीं मिल रहा, तो जेनरेटर को ही पेट्रोल पंप तक ले जाया जाए।


इसके बाद युवकों ने भारी-भरकम जेनरेटर को सड़क पर धक्का देकर पेट्रोल पंप तक पहुंचाया और मशीन को सीधे नोजल के पास खड़ा कर दिया। यह नजारा देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।


मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस देसी जुगाड़ पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे “शादी बचाने वाला अल्टीमेट जुगाड़” बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग पेट्रोल पंप के नियमों और आम लोगों की परेशानियों पर सवाल उठा रहे हैं।