Muzaffarpur Gas Pipeline Leak: मुजफ्फरपुर के गोबरसही इलाके में गैस पाइपलाइन से एक बार फिर रिसाव की घटना सामने आई है. सोमवार को हुए पाइपलाइन विस्फोट के बाद अभी लोग दहशत से उबरे भी नहीं थे कि बुधवार को दोबारा गैस की गंध फैलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गैस की तेज गंध महसूस होते ही सैकड़ों लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे.
मामला गोबरसही-डुमरी रोड का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस चैंबर के आसपास पहले गैस पाइपलाइन में विस्फोट हुआ था, उसी जगह से बुधवार को दोबारा गैस निकलती दिखाई दी. इसके बाद आसपास के घरों में रहने वाले लोगों के बीच हड़कंप मच गया. पिछले हादसे को याद कर लोग किसी दूसरी अनहोनी की आशंका से घबरा गए और अपने घर खाली करने लगे.
पुराने विस्फोट वाले चैंबर के पास फिर दिखा रिसाव
स्थानीय निवासी बिरजू गुप्ता ने बताया कि जैसे ही इलाके में गैस की गंध फैलने लगी, लोग घबराकर घरों से बाहर निकलने लगे. देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस कंपनी की टीम रात से ही क्षतिग्रस्त चैंबर की मरम्मत में जुटी थी, लेकिन काम पूरी तरह पूरा नहीं हुआ था.
लोगों का कहना है कि इस बार गैस रिसाव की तीव्रता पहले हुए हादसे जितनी नहीं थी, लेकिन सोमवार के विस्फोट के बाद से इलाके के लोग पहले ही डरे हुए हैं. ऐसे में दोबारा गैस की गंध फैलने से लोगों में फिर दहशत पैदा हो गई.
2000 घरों की गैस सप्लाई बंद
घटना के बाद पीएनजी कंपनी के अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट की. अधिकारियों के मुताबिक, पाइपलाइन से घरों में गैस की आपूर्ति दोबारा शुरू करने से पहले तकनीकी जांच और टेस्टिंग की जा रही थी. इसी दौरान रिसाव सामने आया.
एहतियात के तौर पर इलाके के करीब 2000 घरों में गैस की आपूर्ति बंद कर दी गई है. मौके पर तकनीकी विशेषज्ञों और फील्ड इंजीनियरों की टीम तैनात है, जो पाइपलाइन और प्रेशर प्वाइंट्स की जांच कर रही है.
कंपनी अधिकारियों ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है. उनका कहना है कि पाइपलाइन की पूरी मरम्मत और सुरक्षा मानकों की जांच होने के बाद ही दोबारा गैस सप्लाई शुरू की जाएगी.