मुजफ्फरपुर: प्रीपेड बिजली खातों से डिफरमेंट चार्ज के नाम पर राशि काटे जाने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। तिलक मैदान रोड स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में तोड़फोड़ और मारपीट भी हुई, जिसमें एक उपभोक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में 14 टांके लगाए गए।


स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एहतियात के तौर पर भीड़ नियंत्रण दस्ता और आंसू गैस के गोले भी तैनात किए गए। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।


डिफरमेंट चार्ज के नाम पर कट रही राशि

उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले दो दिनों से जिले के हजारों प्रीपेड बिजली उपभोक्ताओं के खातों से डिफरमेंट चार्ज के नाम पर 500 से 1200 रुपये तक की राशि काटी जा रही है। कुछ उपभोक्ताओं के खातों से इससे भी अधिक रकम कटने की शिकायत सामने आई है। अचानक बैलेंस खत्म होने के कारण कई घरों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।


शिकायत के बाद भी नहीं मिला स्पष्ट जवाब

बुधवार को भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता तिलक मैदान रोड समेत बिजली विभाग के अन्य कार्यालयों में शिकायत लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें कटौती के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। गुरुवार को फिर करीब 200 उपभोक्ता कार्यालय पहुंचे। जब अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो लोगों का आक्रोश बढ़ गया और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हंगामे में बदल गया।


'125 यूनिट मुफ्त बिजली, फिर पैसे क्यों कटे?'

गोला रोड निवासी राधा देवी ने बताया कि उन्होंने 15 जुलाई को अपनी वृद्धावस्था पेंशन की राशि से बिजली का रिचार्ज कराया था। इसके बावजूद गुरुवार को अचानक बिजली कट गई। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से डिफरमेंट चार्ज के नाम पर राशि काट ली गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर रही है, तो फिर उपभोक्ताओं के खातों से इस तरह पैसे क्यों काटे जा रहे हैं।


मारपीट और तोड़फोड़ से मचा हड़कंप

प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ लोगों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते कार्यालय परिसर में मारपीट और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इस घटना में एक उपभोक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आगे किसी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया।


प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा

एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव ने बताया कि डिफरमेंट चार्ज कटने की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। साथ ही कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और हंगामे की भी अलग से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।