Bihar Road Accident: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के रामदयालु में सोमवार को डायल 112 की गाड़ी के चालक पर नशे में वाहन चलाकर कई लोगों को टक्कर मारने का आरोप लगा है. हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 के चालक संतोष कुमार को हिरासत में ले लिया.
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए चालक की जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. घटना को लेकर पीड़ित की ओर से सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन भी दिया गया है.
साइकिल सवार को टक्कर के बाद बाइक में मारी ठोकर
बताया जा रहा है कि डायल 112 की गाड़ी लेकर चालक संतोष कुमार रामदयालु इलाके से गुजर रहा था. इसी दौरान उसने पहले साइकिल सवार को टक्कर मार दी. हादसे में सदर थाना क्षेत्र के बारामतपुर निवासी शत्रुघ्न राय गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके दोनों पैरों में चोट लगने की बात सामने आई है.
इसके बाद डायल 112 की गाड़ी ने एक बाइक को भी टक्कर मार दी. बाइक सवार की पहचान वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के चक चमेली गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है. टक्कर के बाद उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि, मनीष कुमार इस हादसे में बाल-बाल बच गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किया हंगामा
लगातार दो वाहनों को टक्कर लगने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने डायल 112 के चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति की जानकारी मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक संतोष कुमार को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
पुलिस ने चालक की जांच कराई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि होने की बात सामने आई है. इसके बाद पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
पीड़ित ने लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप
घटना में क्षतिग्रस्त बाइक के मालिक मनीष कुमार ने बताया कि वह हाजीपुर स्थित अपने घर से किसी काम के सिलसिले में मुजफ्फरपुर आ रहे थे. रामदयालु के पास उन्होंने देखा कि डायल 112 की गाड़ी ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद उनकी बाइक में भी जोरदार टक्कर मार दी गई.
मनीष कुमार का आरोप है कि हादसे के बाद जब उन्होंने और अन्य लोगों ने चालक का विरोध किया तो उसने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में ले गई.
मामले को लेकर मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है. आरोपी चालक की जांच कराई जा रही है. जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और आरोपी चालक को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जाएगी.