Bihar News: कहते हैं प्यार कब, कहां और किससे हो जाए, यह कोई नहीं जानता. मुजफ्फरपुर में एक ऐसी ही दिलचस्प प्रेम कहानी सामने आई है, जिसकी शुरुआत ग्रेजुएशन एडमिशन के एक फॉर्म से हुई और चार साल बाद शादी के बंधन तक पहुंच गई. ग्रेजुएशन में नामांकन कराने पहुंची एक छात्रा को साइबर कैफे संचालक से प्यार हो गया. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हुई और फिर यह रिश्ता मोहब्बत में बदल गया. आखिरकार परिवार की नाराजगी के बीच दोनों ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली.


बताया जा रहा है कि करीब चार साल पहले युवती 12वीं पास करने के बाद ग्रेजुएशन में नामांकन के लिए अपने इलाके के एक साइबर कैफे में फॉर्म भरवाने पहुंची थी. वहीं उसकी मुलाकात कैफे चलाने वाले युवक से हुई. शुरुआत में दोनों के बीच सिर्फ पढ़ाई और एडमिशन को लेकर बातचीत होती थी, लेकिन समय के साथ दोनों एक-दूसरे के करीब आते चले गए.


फॉर्म भरने के बहाने शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे रोज की बातों में बदल गई. दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई. चार साल तक दोनों का रिश्ता चलता रहा. इस दौरान युवती ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर ली और पोस्ट ग्रेजुएशन की तैयारी में जुट गई. वहीं युवक भी लगातार उसके संपर्क में बना रहा.


जब दोनों ने शादी करने की इच्छा जताई तो परिवार वालों ने इस रिश्ते का विरोध शुरू कर दिया. काफी कोशिशों के बाद भी जब घरवाले नहीं माने तो दोनों ने अपनी जिंदगी का फैसला खुद करने का मन बना लिया.


गुरुवार सुबह दोनों चुपचाप अपने-अपने घरों से निकले और सीधे मुजफ्फरपुर कोर्ट पहुंच गए. वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली. शादी के बाद दोनों बेहद खुश थे और अपनी नई जिंदगी की शुरुआत को यादगार बनाना चाहते थे.


कोर्ट मैरिज के बाद दोनों बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने भगवान का आशीर्वाद लिया और शादी की यादों को संजोने के लिए तस्वीरें खिंचवाने लगे. इसी दौरान मंदिर परिसर में उनकी गतिविधियां कुछ लोगों को संदिग्ध लगीं. लगातार फोटो खिंचवाने और घबराहट भरे व्यवहार को देखकर मंदिर प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी.


सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले आई. थाने में जब पुलिस ने दोनों से बातचीत की तो पूरी प्रेम कहानी सामने आ गई. युवक और युवती ने बताया कि वे दोनों बालिग हैं और पिछले चार वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं. परिवार की असहमति के कारण उन्होंने कोर्ट मैरिज करने का फैसला लिया.


फिलहाल पुलिस दोनों के दस्तावेजों की जांच कर रही है और परिजनों को भी सूचना दी गई है. हालांकि दोनों बालिग हैं, इसलिए आगे की प्रक्रिया कानूनी नियमों के अनुसार पूरी की जा रही है.