Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, यहां एक पिता ने अपने ही बुजुर्ग पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने अपने मासूम पोते को पिटाई से बचाने की कोशिश की थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पूरा मामला बोचहां थाना क्षेत्र के गरहों ओपी अंतर्गत सनाठी गांव का है। मृतक की पहचान 68 वर्षीय महेश सहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की दोपहर घर में अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
परिजनों के मुताबिक, महेश सहनी का बेटा मनोज सहनी अपने छोटे बेटे को स्कूल नहीं जाने की बात पर बुरी तरह पीट रहा था। मासूम बच्चे की चीख-पुकार सुनकर दादा महेश सहनी खुद को रोक नहीं सके और बीच-बचाव करने पहुंच गए। उन्होंने बेटे से कहा कि बच्चे को इतनी बेरहमी से मत मारो। बस यही बात आरोपी बेटे को नागवार गुजर गई।
आरोप है कि गुस्से में बेकाबू मनोज सहनी ने पहले बांस से अपने पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने ईंट उठाकर उनके सिर पर कान के पास कई वार किए। गंभीर चोट लगने के बाद महेश सहनी जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई और परिवार के लोग तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे।
मृतक के छोटे बेटे धीरज कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई ने गुस्से में आकर पिता पर हमला किया। उन्होंने कहा कि पिता सिर्फ अपने पोते को बचाने गए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका अपना बेटा ही उनकी जान ले लेगा।
घटना के बाद घायल महेश सहनी को आनन-फानन में इलाज के लिए एसकेएमसीएच ले जाया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि आर्थिक तंगी की वजह से समय पर जांच नहीं हो सकी। इसी दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक की पत्नी नगीना देवी के बयान पर आरोपी बेटे मनोज सहनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।