Bihar Flood News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के नाजीरपुर इलाके में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. बुधवार की अहले सुबह नदी किनारे युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नाजीरपुर निवासी बेनी पासवान के इकलौते पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है. अजय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं.


जानकारी के अनुसार, अजय मंगलवार को घर से नदी की ओर शौच के लिए गया था. इसी दौरान नदी किनारे अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. हादसे के बाद अजय के डूबने की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुट गए. मंगलवार को काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका.


बुधवार सुबह करीब 4 बजे राजा पुनास के समीप बूढ़ी गंडक नदी किनारे ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी. खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अजय कुमार के रूप में की.


इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

अजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. बेटे का शव देखते ही माता-पिता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अजय परिवार का इकलौता बेटा होने के साथ घर का सहारा भी था. उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.


घटना की सूचना मिलने के बाद अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया.


नगर एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से एक युवक की मौत की सूचना मिली है. परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मंगलवार को नदी में डूब गया था. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की वैधानिक जांच की जा रही है.


परिजनों ने बताया कि अजय की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है.