Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद शर्मनाक वारदात सामने आई है, जहां 10 साल की एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गईं। हैरानी की बात यह है कि इस खौफनाक साजिश में बच्ची की मां की ही एक करीबी सहेली शामिल निकली, जिसने भरोसे को तोड़ते हुए बच्ची को दरिंदों के हवाले कर दिया।


घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला पहले बच्ची की मां से दोस्ती कर घर में आना-जाना शुरू की। धीरे-धीरे उसने परिवार का भरोसा जीत लिया और फिर एक दिन बच्ची को बहाने से अपने साथ ले गई। बच्ची को कुछ समझ नहीं आया और वह उस महिला के साथ चली गई, लेकिन उसे क्या पता था कि उसके साथ इतना बड़ा धोखा होने वाला है।


बताया जा रहा है कि आरोपी महिला बच्ची को एक किराए के कमरे में ले गई, जहां पहले से एक नशे का आदी मोटर मैकेनिक मौजूद था। महिला ने मासूम को उसके हवाले कर दिया। इसके बाद उस व्यक्ति ने अपने दो और साथियों को बुला लिया। तीनों ने मिलकर बच्ची के साथ हैवानियत की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।


वारदात के बाद जब बच्ची दर्द से कराहने लगी और उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो आरोपियों ने उसे चुप कराने के लिए नशे की गोली खिला दी। फिर उसे घर छोड़ दिया गया, ताकि मामला दबा रहे। लेकिन जब बच्ची की हालत बिगड़ी और उसके शरीर से खून बहता देखा गया, तब परिजनों को सच्चाई का अंदेशा हुआ।


परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे एसकेएमसीएच में भर्ती किया गया है, जहां पुलिस सुरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी महिला, जिसने बच्ची को झांसे में लेकर कमरे तक पहुंचाया, के अलावा एक वह महिला भी शामिल है जिसने कमरा किराए पर लिया था और तीसरी महिला पास के कमरे में रहती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन महिलाओं का संबंध अवैध गतिविधियों से हो सकता है।


वहीं, इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी मोटर मैकेनिक और उसके दो साथी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। कमरे से खून के निशान और कपड़े भी बरामद किए गए हैं, जो मामले को और गंभीर बनाते हैं।


घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई। नगर एएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।