MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। SSP कांतेश कुमार मिश्रा के सख्त निर्देशों के तहत गठित विशेष टीम ने बेला थाना क्षेत्र के बेला फेज़-01 स्थित एक निजी कंपनी के खाद व सीमेंट गोदाम में हुई भीषण डकैती और सुरक्षा गार्ड की निर्मम हत्या के मामले का सफल पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और लूट की गई खाद की बड़ी खेप बरामद की है।
बीती 10 सितंबर 2026 को बेला थानांतर्गत बेला फेज़-01 में स्थित एक निजी कंपनी के खाद एवं सीमेंट गोदाम में तैनात सुरक्षा गार्ड की अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या कर देने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम (अंत्य परीक्षण) के लिए अस्पताल भेजा और एफएसएल (FSL) की टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01) ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके पश्चात, मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर बेला थाना कांड संख्या-63/26 दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की गई।
विशेष टीम का गठन और छापेमारी: मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए SSP कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (नगर) के अनुश्रवण तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में प्रभारी जिला आसूचना इकाई (DIU) एवं थानाध्यक्ष बेला की टीम को शामिल किया गया था। विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज का सघन अवलोकन किया और तकनीकी व मानवीय आसूचना संकलन के आधार पर अपराधियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। जांच के क्रम में यह बात सामने आई कि डकैती के दौरान सुरक्षा गार्ड द्वारा विरोध किए जाने पर अभियुक्तों ने उसकी बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी और गोदाम से भारी मात्रा में खाद लूट ली।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डकैती व हत्याकांड में संलिप्त अभियुक्त सह ट्रक चालक अर्जुन कुमार (थाना- फकुली, मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रक को फकुली थाना क्षेत्र से बरामद किया गया, जिसमें साक्ष्य के तौर पर खाद के अवशेष भी मिले।
अर्जुन कुमार से गहन पूछताछ के बाद मुख्य षड्यंत्रकर्ता के करीबी सहयोगी दीपक कुमार (थाना- कुढ़नी, मुजफ्फरपुर) को अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड के पास से दबोच लिया गया। दोनों की निशानदेही पर पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित लहलादपुर में एक ईंट-भट्टे के कार्यालय से दंडाधिकारी की मौजूदगी में 338 बोरी लूटी गई खाद विधिवत जब्त की गई।
बरामदगी और अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास: गिरफ्तार दोनों अपराधियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में डकैती और विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड की हत्या की बात कबूल कर ली है। गिरफ्तार अभियुक्त: अर्जुन कुमार - थाना फकुली, जिला मुजफ्फरपुर और दीपक कुमार - थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर
बरामदगी:खाद की बोरी - 338, डकैती की घटना में प्रयुक्त ट्रक - 01 और डीवीआर (DVR) - 01
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त दीपक कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर के सदर थाना में कांड सं.-891/23 (डकैती कांड) तथा कांड सं.-954/23 (डकैती की योजना एवं शस्त्र अधिनियम) दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।