MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित कन्हौली बेला में दरभंगा के जाले प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी (29) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर के एक कमरे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास और ननद पर मानसिक प्रताड़ना के साथ जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि वर्ष 2023 में अमृता की शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद पति के कथित दूसरी महिला से संबंध को लेकर दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के कारण अमृता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच जारी है।
मुजफ्फरपुर से राजन कुमार की रिपोर्ट