Love Marriage: मुजफ्फरपुर के औराई में मंगलवार देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. युवक कटरा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. मामला सामने आने के बाद दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. दोनों परिवारों की सहमति बनने के बाद युवक-युवती की शादी कराने का फैसला लिया गया.


मामला औराई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का है. बताया गया कि कटरा थाना क्षेत्र का युवक मंगलवार रात अपनी प्रेमिका से मिलने रामपुर गांव पहुंचा था. इसी दौरान ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ गई. ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और दोनों से पूछताछ की.


पूछताछ में सामने आया कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों के परिजनों को मामले की जानकारी दी. दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक बातचीत हुई.


बातचीत के बाद दोनों पक्ष युवक-युवती की शादी कराने पर सहमत हो गए. इसके बाद दोनों को औराई प्रखंड परिसर स्थित शिव मंदिर ले जाया गया. वहां पंडित रौशन कुमार झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में पूरी कराईं.


युवती के पिता नहीं हैं. ऐसे में गांव के समाजसेवी आरजू अहसन करीमी ने कन्यादान की रस्म निभाई. मंदिर में शादी की रस्म पूरी होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद भविष्य की कामना की.


आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों द्वारा पकड़ने के बाद दोनों की शादी करा दिए जाने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. दोनों परिवारों की सहमति के बाद मंदिर में विवाह होने से मामले का विवाद भी खत्म हो गया. शादी के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने नवविवाहित जोड़े को खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं.