MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर के फकुली थाना क्षेत्र की रजला पंचायत स्थित रजला पोखर में छठ घाट की सफाई के दौरान डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रजला निवासी बालेश्वर साह के पुत्र निखिल कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, निखिल कुमार छठ पूजा की तैयारी को लेकर रजला पोखर में घाट की सफाई करने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पोखर से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुढ़नी पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही निखिल के परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर फकुली थाना प्रभारी कृष्णकांत मिश्र अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं, बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री के पुत्र एवं भाजपा नेता मुरली गुप्ता भी कुढ़नी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए आगे की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इधर, कुढ़नी की अंचलाधिकारी कुमारी नीलम ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें चेक प्रदान किया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने छठ पर्व को देखते हुए पोखरों और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि घाटों की सफाई और छठ पूजा की तैयारियों के दौरान दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।
मुजफ्फरपुर से राजन की रिपोर्ट