MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र के सदातपुर स्थित शनि मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-57 पर रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक और खलासी की जान बाल-बाल बच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में चालक और खलासी को मामूली चोटें आई हैं।


अवैध वसूली से बचने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, यह दुर्घटना कथित तौर पर एनएच-57 पर किन्नरों द्वारा की जा रही अवैध वसूली से बचने के प्रयास में हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सदातपुर शनि मंदिर के पास सुबह और शाम के समय किन्नरों का एक समूह सड़क पर उतर आता है और ट्रक व अन्य बड़े वाहनों को जबरन रोककर पैसे की मांग करता है। ग्रामीणों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार और हंगामा किया जाता है, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है।


आए दिन बनी रहती है दुर्घटना की आशंका

स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-57 जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की गतिविधियों से आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। वाहन चालक भी इस रास्ते से गुजरने के दौरान डर और असुरक्षा महसूस करते हैं। घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।