Bihar Road Accident: हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में हाजीपुर व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता कुंदन कुमार की मौत हो गई. हादसे में कार सवार उनके तीन साथी अधिवक्ता भी घायल हो गए. चारों अधिवक्ता श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर वैगनआर कार से हाजीपुर लौट रहे थे.
हादसा सदर थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के पास हुआ. बताया गया कि बकसामा निवासी अधिवक्ता कुंदन कुमार अपने साथी गोलू, गौरव और ज्ञानू के साथ श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चारों एक ही कार से हाजीपुर वापस लौट रहे थे.
पुलिस लाइन के पास अनियंत्रित हुई कार
साथी अधिवक्ता मोहन सिंह के अनुसार, पुलिस लाइन के पास सड़क पार करने के दौरान एक वाहन चालक ने उनकी कार को चकमा दे दिया. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना भीषण था कि कुंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे में तीन अधिवक्ता घायल
दुर्घटना में कार में सवार गोलू, गौरव और ज्ञानू भी घायल हो गए. तीनों के भी अधिवक्ता होने की बात सामने आई है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कुंदन कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं, घायल तीनों अधिवक्ताओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे. घटना की सूचना मिलने पर मृतक के स्वजन भी अस्पताल पहुंचे. कुंदन कुमार की मौत की खबर से बकसामा गांव में मातम पसरा हुआ है. स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. वहीं, दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन और पूरे घटनाक्रम की भी जानकारी जुटाई जा रही है.