Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को बेहतर जिंदगी का झांसा देकर अपहरण करने और फिर बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है. साथ ही पटना के रामकृष्ण नगर और मुजफ्फरपुर के पताही इलाके से दो नाबालिग किशोरियों को बरामद किया गया है.


पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े लोग पहले किशोरियों और युवतियों को अच्छे जीवन और काम का झांसा देते थे. इसके बाद उन्हें अपने साथ ले जाकर बंधक बना लिया जाता था. आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी और धमकी देकर जबरन देह व्यापार कराया जाता था.


हरदी मेला से झांसा देकर ले गई महिला

मुजफ्फरपुर के कथैया थाना क्षेत्र से 28 फरवरी को 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया था. उसकी मां ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया.


पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मिली जानकारी के आधार पर टीम पटना के रामकृष्ण नगर पहुंची. यहां छापेमारी कर किशोरी को बरामद किया गया. मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया.


गिरफ्तार आरोपितों में वैशाली निवासी बिट्टू कुमार, कथैया निवासी शमीता कुमारी, पटना के दीघा निवासी सुजीत कुमार और रामकृष्ण नगर की मकान मालकिन गिरिजा यादव शामिल हैं.


पुलिस को दिए बयान में किशोरी ने बताया कि गांव की रहने वाली शमीता कुमारी उसे हरदी मेला से बहला-फुसलाकर मुजफ्फरपुर ले गई थी. वहां उसे एक घर में बंद कर दिया गया और आरोप है कि जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया.


किशोरी के अनुसार, शमीता का पति कथित तौर पर ग्राहकों को लेकर आता था. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी. कुछ समय बाद किशोरी को मुजफ्फरपुर से पटना ले जाया गया, जहां रामकृष्ण नगर में उसे बंधक बनाकर रखा गया था.


पटना से किशोरी की बरामदगी और आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस को मुजफ्फरपुर के पताही इलाके में भी एक किशोरी को बंधक बनाए जाने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर दूसरी किशोरी को बरामद कर लिया.


पुलिस के मुताबिक, दूसरी किशोरी को भी झांसा देकर लाया गया था. आरोप है कि उसे बंधक बनाकर धमकी दी जा रही थी और जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था.


इस मामले में पुलिस ने अनीता कुमारी, पारू निवासी आशीष कुमार और हथौड़ी निवासी भूषण झा को गिरफ्तार किया है.


मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के अनुसार, मामले में गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो अन्य आरोपितों की पहचान की गई है, लेकिन वे फिलहाल फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.


पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का नेटवर्क बिहार के किन-किन जिलों तक फैला हुआ है और अब तक कितनी लड़कियों को इसके जरिए निशाना बनाया गया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.