MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PAT 2023-24) की मेधा सूची में कथित धांधली को लेकर छात्रों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा है। अपने विभाग के गोल्ड मेडलिस्ट और यूनिवर्सिटी टॉपर्स के साथ कथित अन्याय के विरोध में संयुक्त छात्र संगठन के नेतृत्व में शनिवार की शाम एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया।
सैकड़ों छात्र-छात्राएं हाथों में मशाल और विरोध संबंधी तख्तियां लेकर एल.एस. कॉलेज गेट से जुलूस की शुरुआत की। यह जुलूस विश्वविद्यालय के कुलपति (वीसी) आवास तक पहुंचा, जहां छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान परिसर "बोल रे साथी हल्ला बोल, भ्रष्ट कुलपति पर हल्ला बोल" और "योग्य छात्रों का गला घोंटना बंद करो" जैसे नारों से गूंज उठा।
छात्रों का आरोप है कि पीजी के दो मेधावी छात्रों—इतिहास विभाग के टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट अभिषेक कुशवाहा तथा भूगोल विभाग के यूनिवर्सिटी टॉपर अविनाश तिवारी—को साक्षात्कार में जानबूझकर कम अंक देकर मेरिट सूची से बाहर कर दिया गया। छात्रों का कहना है कि दोनों छात्र पूर्व में अपने रिजल्ट और अन्य अधिकारों को लेकर आंदोलन और अनशन कर चुके हैं। इसी कारण द्वेषवश उन्हें इंटरव्यू में बेहद कम अंक दिए गए।
छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर पक्षपात और मनमानी का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इतिहास विभाग में एक प्रभावशाली शिक्षक की बेटी को लाभ पहुंचाने के लिए गोल्ड मेडलिस्ट अभिषेक कुशवाहा का हक छीना गया। वहीं, भूगोल विभाग में एक शिक्षिका को अनुचित लाभ देने के लिए अविनाश तिवारी को चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।
मशाल जुलूस के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने कहा कि लिखित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को इंटरव्यू के माध्यम से बाहर करना पूरी तरह सुनियोजित है। यह गरीब और पिछड़े परिवारों से आने वाले प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन मेधा सूची की निष्पक्ष जांच नहीं कराता और प्रभावित छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मशाल जुलूस केवल आंदोलन की शुरुआत है और जरूरत पड़ने पर विश्वविद्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।