Bihar News: मुंगेर के जमालपुर में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर एक घर की छत की सेंटरिंग में पानी डाल रहा था, तभी तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना जमालपुर थाना क्षेत्र क्षेत्र के केशोपुर नक्कीनगर की है।
मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 30 उत्तरी टोला फरीदपुर निवासी संजय पंडित के पुत्र सोनू के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। सोनू नवनिर्मित मकान के दीवार में एक अन्य मजदूर के साथ पानी देने पहुंचा था।
इस दौरान सोनू छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार के चपेट में आ गया। थोड़ी देर में उठती आग की लपटों से आसपास के लोग चौकन्ना हुए और देखा तो वहां हाई वोल्टेज बिजली तार के सम्पर्क में आने से सोनू जल रहा था।
जबतक लोग संभल पाते वह बहुत बुरी तरह से झुलसकर अपनी जान गवां चुका था। परिजनों ने आनन फानन में सोनू को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत बता दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।