MUNGER: बिहार के मुंगेर और बांका जिले की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध तांत्रिक शक्तिपीठ तेलडीहा दुर्गा मंदिर में नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मां भगवती के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।
मां दुर्गा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्रसिद्ध तेलडीहा दुर्गा मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मुंगेर और बांका समेत आसपास के कई जिलों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां भगवती के दर्शन और पूजा-अर्चना करने पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। हर तरफ मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। पहले सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुल्तानगंज स्थित पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर गंगाजल लेकर तेलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने करीब 20 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मां के दरबार में पहुंचकर जल अर्पित किया और सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति को देखते हुए मंदिर परिसर में सुबह से ही काफी चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से मां भगवती के दर्शन कर सकें और पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे। बता दें कि तेलडीहा दुर्गा मंदिर में मां भगवती की पूजा बंगाली रीति-रिवाज और विशेष तांत्रिक पद्धति से की जाती है। मान्यता के अनुसार, इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1603 में बंगाल के शांतिपुर जिले के दालपोसा गांव के हरवल्लव दास ने तांत्रिक विधि से की थी।
वर्तमान में उनके वंशज मंदिर के मेढ़पति हैं। धार्मिक मान्यताओं और विशेष पूजा पद्धति के कारण तेलडीहा दुर्गा मंदिर की पहचान दूर-दूर तक है। यही वजह है कि नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मां भगवती की आराधना कर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना करते हैं।
मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट