मुंगेर के कल्याणपुर स्थित ऐतिहासिक और सिद्धपीठ श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में इस बार नवरात्र का उत्सव भक्ति और मनोरंजन के साथ एक खास वजह से भी चर्चा में आ गया। यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित ‘बिहार राज्य का सबसे बड़ा दुर्गा पूजा महोत्सव’ में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह पहुंचे तो हजारों श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। लेकिन कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह के मंच से अभिनेत्री अक्षरा सिंह को लेकर दिए गए बयान ने महोत्सव की चर्चा को एक अलग ही मोड़ दे दिया।


दरअसल, ‘सुपरस्टार नाइट्स’ के पहले दिन पवन सिंह ने मां बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद जब वह मंच पर पहुंचे तो मौजूद भीड़ ने तालियों और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पवन सिंह ने लंबे समय तक देवी गीत, पचरा और भक्ति भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी आवाज पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।


कार्यक्रम के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उस वक्त शुरू हुई, जब पवन सिंह ने अक्षरा सिंह के गानों का जिक्र किया और उनके देवी गीतों पर खुद भी जमकर थिरके। उन्होंने अक्षरा सिंह के एलबम ‘दुलार देवी मइया के’ के चर्चित देवी गीत ‘पवन सिंह के भजन बजाके’ पर डांस किया। इसके अलावा अक्षरा सिंह के कई अन्य गानों की धुन पर भी पवन सिंह ने दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान पंडाल में मौजूद लोगों की उत्सुकता साफ नजर आई।


इसके बाद पवन सिंह ने मंच से अक्षरा सिंह को लेकर ऐसी बात कही, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दर्शकों के बीच शोर होने पर उन्होंने माइक संभाला और कहा, “अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है... उनके पिताजी हमारे भइया हैं, उनकी माताजी मेरी भाभी हैं। मैंने सॉरी बोला ना... अब एक बार चारों तरफ ताली बजाओ!” पवन सिंह की इस बात के बाद पूरा पंडाल तालियों और सीटियों से गूंज उठा।


मामला यहीं नहीं रुका। पवन सिंह ने सीधे दर्शकों से सवाल कर दिया कि आखिर कौन-कौन चाहता है कि अक्षरा सिंह और उनकी जोड़ी फिर से एक साथ आए। इसके बाद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर और जोरदार तालियों के साथ अपनी इच्छा जाहिर की। पवन सिंह ने भीड़ का यह रिएक्शन देखा तो मंच से अक्षरा सिंह के साथ फिर से नजर आने और साथ में कार्यक्रम करने का संकेत दिया।


उन्होंने कहा कि अगर लोगों को लगता है कि उनसे कभी कोई गलती हुई है तो वह उसके लिए माफी मांगते हैं। इतना ही नहीं, पवन सिंह ने अक्षरा सिंह के माता-पिता से भी सार्वजनिक तौर पर माफी मांगते हुए कहा कि अगर उनकी वजह से कभी उन्हें दुख या ठेस पहुंची हो तो वह हाथ जोड़कर सॉरी बोलते हैं।


पवन सिंह के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच अक्षरा सिंह और उनकी पुरानी जोड़ी की चर्चा तेज हो गई। दोनों की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा में लंबे समय तक चर्चित रही है और उनके गानों को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। ऐसे में पवन सिंह का मंच से अक्षरा के साथ दोबारा नजर आने की बात कहना वहां मौजूद प्रशंसकों के लिए खास पल बन गया।


कल्याणपुर का यह दुर्गा पूजा महोत्सव मां की भक्ति के साथ भोजपुरी संगीत और मनोरंजन के लिए भी यादगार बनता नजर आया। हालांकि पवन सिंह और अक्षरा सिंह के दोबारा साथ आने को लेकर मंच से दिए गए संकेत ने महोत्सव की सबसे बड़ी चर्चा को जन्म दे दिया है। अब प्रशंसकों की नजर इस बात पर है कि पवन सिंह का यह ऐलान कब और किस मंच पर अक्षरा सिंह के साथ उनकी पुरानी जोड़ी को फिर से सामने लाता है।