MUNGER: बिहार के मुंगेर जिले में एक महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। बदमाशों ने महिला का गला रेतने के साथ ही उसके दोनों हाथों की नसें भी काट दीं। शनिवार की सुबह बहियार में खेत की मेड़ पर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान असरगंज थाना क्षेत्र के सजुआ गांव निवासी उदय कुमार की पत्नी नीलू कुमारी के रूप में हुई है।


मुंगेर में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का गला रेतने के साथ ही उसके दोनों हाथों की नस भी काट दी गई। देर रात से महिला घर से लापता थी। सुबह ग्रामीणों ने बहियार में खेत की मेड़ पर उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतका की पहचान असरगंज थाना क्षेत्र के सजुआ गांव निवासी उदय कुमार की पत्नी नीलू कुमारी के रूप में हुई है। इधर, महिला के पति ने पत्नी की हत्या के पीछे अवैध संबंध का मामला बताते हुए एक युवक पर शक जताया है। हालांकि, हत्या की असली वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच में जुट गई है।


दरअसल, पूरा मामला असरगंज थाना क्षेत्र के सजुआ गांव का है। जहां शनिवार की सुबह बहियार की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर खेत की मेड़ पर पड़े एक महिला के शव पर पड़ी। महिला का गला रेता हुआ था और दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। शव देखते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान सजुआ गांव निवासी उदय कुमार की पत्नी नीलू कुमारी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि महिला शुक्रवार की देर रात बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजन रात से ही उसकी तलाश कर रहे थे।


 इधर, मृतका का पति उदय कुमार फरीदाबाद में रहकर काम करता है। वह दिल्ली से ट्रेन पकड़कर घर लौट रहा था। पति के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे पत्नी नीलू से उसकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। शनिवार सुबह करीब चार बजे बेटे ने फोन कर मां के घर में नहीं होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन लगातार महिला की तलाश कर रहे थे। इसी बीच उसे पत्नी की हत्या की सूचना मिली। पति ने दावा किया कि उसकी पत्नी का एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कई बार उसने दोनों को फोन पर बातचीत करते पकड़ा था। 


पति का आरोप है कि समझाने के बावजूद दोनों नहीं माने और उसे आशंका है कि इसी युवक ने उसकी पत्नी की हत्या की है। हालांकि, इस आरोप की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। वहीं, मृतका के बेटे प्रियांशु ने बताया कि उसकी मां देर रात बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह बहियार में मां की हत्या की खबर मिली। महिला अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी, जबकि पति काम के सिलसिले में बाहर रहता था और एक-दो महीने पर घर आता था। 


इधर, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तारापुर डीएसपी ने बताया कि हत्या के सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, इस जघन्य वारदात के बाद परिवार में मातम पसरा है। तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, वहीं गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।