Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले से अंधविश्वास और पुरानी दुश्मनी से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी बजरंगबली नगर की रहने वाली एक महिला पर आरोप है कि पड़ोसियों ने उसे डायन बताकर जानलेवा हमला कर दिया। महिला गंगा स्नान करने गई थी, तभी विवाद इतना बढ़ गया कि पहले उसे नदी में डुबोकर मारने की कोशिश की गई और बाद में तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना के बाद गंगा घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला की जान बचाई और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल महिला की पहचान नौवागढ़ी बजरंगबली नगर निवासी कलावती देवी के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार को वह अपने परिजनों के साथ मनियारचक गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला वहां पहुंची और किसी पुराने विवाद को लेकर उनसे बहस करने लगी।
बताया जा रहा है कि देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पक्ष ने कलावती देवी को गंगा में डुबोने की कोशिश की। जब वह खुद को बचाने लगीं तो अचानक तलवार निकालकर उन पर हमला कर दिया गया।
तलवार से हमला होते ही घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह हमलावरों को रोका और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस विवाद की जड़ करीब एक साल पुरानी है। पड़ोसी परिवार के एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद से ही पड़ोसी परिवार कलावती देवी को इसके लिए जिम्मेदार मानने लगा और उन पर डायन होने का आरोप लगाने लगा। इसी अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के कारण हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वारदात को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला अंधविश्वास और आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।