MUNGER: मुंगेर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला.. एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर में भर्ती कराया गया है, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।


घटना मुंगेर के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलिया तालाब के पास की हैं, जहां रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार को अस्पताल पहुंचा दिया।स्कूल से बच्चों को लेकर ई-रिक्शा से घर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि जैसे ही ई-रिक्शा तेलिया तालाब के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। 


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे और घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।घायलों की पहचान नौवागढ़ी निवासी देवेंद्र कुमार के परिवार के रूप में हुई है। हादसे में दो बच्चे अदिति और दीक्षित, उनकी मां अनुपम कुमारी, दादी पुष्पा देवी और चाचा सुमन कुमार घायल हुए हैं। 


सभी घायलों को स्थानीय लोगों और दुकानदारों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे मुंगेर के एक निजी विद्यालय में पढ़ते हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद परिवार ई-रिक्शा से बच्चों को लेकर नौवागढ़ी स्थित अपने घर जा रहा था। 


लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी और चालक हादसे के बाद मौके से ट्रक ले कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की 112 गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। सड़क पर तेज रफ्तार एक बार फिर पांच लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ गई। सवाल है कि आखिर कब रफ्तार पर लगाम लगेगी और कब सड़कें आम लोगों के लिए सुरक्षित होंगी।