MUNGER: मुंगेर के शास्त्री चौक पर पटाखे की चिंगारी ने उस वक्त अफरा-तफरी मचा दी, जब मोटरसाइकिल रिपेयरिंग दुकानों के पीछे जमा कचरे में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। आसपास कई दुकानें और रिहायशी मकान मौजूद होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
मुंगेर के शास्त्री चौक की यह तस्वीर है, जहां एक शोरूम के बगल में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की कई दुकानें संचालित होती हैं। दुकानों के पीछे लंबे समय से कचरा और जला हुआ मोबिल सहित अन्य अपशिष्ट जमा किया जाता रहा है। इसी दौरान पटाखे फोड़ने से निकली चिंगारी की वजह से कथित तौर पर कचरे में आग लग गई।
देखते ही देखते आग की लपटें तेज होने लगीं। आसपास की दुकानों और मकानों तक आग पहुंचने की आशंका से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी सूझबूझ दिखाते हुए आग पर काबू पाने में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और आसपास मौजूद दुकानें तथा रिहायशी मकान आग की चपेट में आने से बच गए।
स्थानीय लोगों ने लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान पटाखे फोड़ते समय विशेष सावधानी बरतें। साथ ही दुकानदारों को भी अपनी दुकानों के पीछे ज्वलनशील कचरा और जला हुआ मोबिल जमा नहीं करने की जरूरत है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।
फिलहाल स्थानीय लोगों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की सक्रियता से शास्त्री चौक पर एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह घटना साफ तौर पर बताती है कि पटाखों के साथ-साथ दुकानों के आसपास जमा ज्वलनशील कचरे को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।
मो. इम्तियाज की रिपोर्ट