MUNGER: मुंगेर के संग्रामपुर में हुए चर्चित चांदी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात की साजिश किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसी ज्वेलर्स की दुकान में पहले काम कर चुके एक पूर्व कर्मचारी ने रची थी। पुलिस ने लूटकांड के मास्टरमाइंड और साजिशकर्ता समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 2 किलो 300 ग्राम चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बुधवार को एसपी सैयद इमरान मसूद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
दरअसल, बीते 28 अक्टूबर को तारापुर के एक ज्वेलर्स के दो कर्मचारी बाइक से करीब 6 किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण लेकर संग्रामपुर, बेलहर और साहेबगंज की दुकानों में सप्लाई देने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने बाइक की डिक्की में रखे चांदी के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद संग्रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। लूटकांड की गंभीरता को देखते हुए तारापुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 4 नवंबर को अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित काजीटोला निवासी रोशन कुमार सहनी, मुंगेर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चंडीस्थान सहनी टोला निवासी नीरज उर्फ नीरू सहनी और तारापुर पुरानी बाजार निवासी भोला सोनार के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में इस लूटकांड का मास्टरमाइंड भोला सोनार निकला। बताया जा रहा है कि भोला पहले उसी ज्वेलर्स की दुकान में काम करता था, जहां से चांदी के आभूषणों की सप्लाई की जा रही थी। दुकान छोड़ने के बाद उसने अपनी अलग दुकान खोल ली थी, जो फिलहाल बंद है। पुलिस के मुताबिक, दुकान में काम करने के दौरान उसे सप्लाई और कारोबार से जुड़ी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने लूट की साजिश रची और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
लूट के बाद तीनों आरोपितों ने चांदी के आभूषण आपस में बांट लिए थे। इनमें से कुछ आभूषण बेच भी दिए गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से करीब 2 किलो 300 ग्राम चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और लूटे गए शेष चांदी के आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट