MUNGER:मुंगेर सदर अस्पताल के स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट (SNCU)वार्ड में एक नवजात की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए।
बताया जा रहा है कि खड़गपुर निवासी मनीषा कुमारी ने गुरुवार को खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के समय नवजात की हालत ठीक नहीं थी, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल रेफर किया गया ।
परिजनों का आरोप है कि 30 अप्रैल को एसएनसीयू में भर्ती के बाद शुरुआत में बच्चे को सामान्य बताया गया, लेकिन धीरे-धीरे उसकी हालत बिगड़ती गई। मृतक के परिजन ने कहा बच्चे की सही देखभाल नहीं की गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने नवजात को ‘चमकी’ बीमारी बताकर मामले को टालने की कोशिश की और समय पर न तो बेहतर इलाज किया गया और न ही दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।
आज शनिवार सुबह जब परिजन बच्चे को देखने पहुंचे तो पहले हालत ठीक बताई गई, लेकिन कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया। वहीं हंगामा की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस पहुंच हंगामा को शांत करवाया और परिजनों के आवेदन देने को कहा ।
परिजनों का आरोप है कि रात में सही निगरानी नहीं की गई और हीटर के अधिक उपयोग से बच्चे की हालत बिगड़ गई। और जब बच्चे की स्थिति बिगड़ी तो परिजनों को इन्फोर्मेशन क्यों नहीं दी गई । फिलहाल इस पूरे मामले में परिजन दोषी नर्सिंग स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि वहां बैठी नर्सिंग स्टाफ के द्वारा उन लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया और मुक्का दिखाते हुए धमकी भी दी । वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जबकि परिजनों के द्वारा आवेदन दे दिया गया है । बड़ा सवाल यही है कि आखिर नवजात की मौत के लिए जिम्मेदार कौन है? क्या परिजनों के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी?
मुंगेर से मोहम्मद इम्तियाज खान की रिपोर्ट