MUNGER: बिहार के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुंगेर जिले में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र तारापुर के रणगांव स्थित प्रसिद्ध रत्नेश्वरनाथ मंदिर का अब भव्य सौन्दर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार की ओर से 9 करोड़ 10 लाख 44 हजार रुपये की योजना तैयार की गई है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने इस काम के लिए निविदा भी आमंत्रित कर दी है।
मुंगेर के रणगांव स्थित प्रसिद्ध रत्नेश्वरनाथ मंदिर की तस्वीर आने वाले दिनों में बदलने वाली है। धार्मिक आस्था के इस प्रमुख केंद्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से मंदिर के सुंदरीकरण पर 9 करोड़ 10 लाख 44 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 15 दिसंबर तक ऑनलाइन निविदा जमा की जा सकेगी, जबकि 16 दिसंबर को निविदा खोली जाएगी।
इस योजना के तहत मंदिर परिसर में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। पूरे परिसर में आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, मंदिर की चहारदीवारी और जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर परिसर की लैंडस्केपिंग भी की जाएगी, जिससे इसका स्वरूप और आकर्षक बनेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में तीन प्रसाद दुकानें बनाई जाएंगी। इसके अलावा अलग जूता स्टैंड और महिलाओं तथा पुरुषों के लिए अलग-अलग चार-चार शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा।
इस परियोजना से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ रणगांव और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की भी संभावना है।
पर्यटन विभाग के कार्यपालक अभियंता ओम प्रकाश के मुताबिक, मंदिर के सुंदरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है। इसी डीपीआर के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाएगा। योजना को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कुल मिलाकर, 9 करोड़ रुपये से अधिक की इस परियोजना के पूरा होने के बाद रत्नेश्वरनाथ मंदिर को बेहतर श्रद्धालु सुविधाओं से लैस करने के साथ मुंगेर के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मदद मिलेगी।
मुंगेर से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट