Bihar News: मुंगेर के बरियारपुर प्रखंड में रविवार सुबह मंदिर में बिजली का तार जोड़ने के दौरान हुए हादसे में बिहार पुलिस के जवान और रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई. घटना रतनपुर पंचायत के रतनपुर गांव स्थित नाई पोखर बजरंगबली मंदिर की है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है.


मृतकों की पहचान रतनपुर गांव निवासी पंकज कुमार और अमन कुमार के रूप में हुई है. पंकज कुमार रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी थे, जबकि अमन कुमार बिहार पुलिस में जवान के पद पर कार्यरत थे.


जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह नाई पोखर स्थित बजरंगबली मंदिर में बिजली का तार जोड़ने का काम चल रहा था. इसी दौरान अमन कुमार अचानक नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गए. करंट लगने के बाद अमन मौके पर ही तड़पने लगे.


अमन को करंट की चपेट में आया देखकर पंकज कुमार उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े. इसी दौरान पंकज भी बिजली के तार की चपेट में आ गए. करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.


घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी. सूचना मिलने के बाद बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.


रतनपुर पंचायत के मुखिया पति मनीष कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में बिजली का तार जोड़ने के दौरान अमन कुमार करंट की चपेट में आए थे. उन्हें बचाने की कोशिश में पंकज कुमार भी करंट की चपेट में आ गए.


एक ही गांव के दो युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही रतनपुर में शोक की लहर दौड़ गई. दोनों मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई. गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं.


बरियारपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के कारणों और मंदिर में बिजली का तार जोड़ने के दौरान बरती गई सावधानियों को लेकर भी जानकारी जुटा रही है.