MUNGER: मुंगेर में तेज रफ्तार स्कूटी का कहर देखने को मिला है। कासिम बाजार थाना क्षेत्र के सफियाबाद हवाई अड्डे के रनवे पर अनियंत्रित स्कूटी ने इवनिंग वॉक कर रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर सवार दो नाबालिग घायल हो गए। स्कूटी पर कुल चार नाबालिग सवार थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


मृत महिला की पहचान बेगमपुर विदवारा निवासी आशरा देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने घायल दोनों नाबालिगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।


परिजनों के मुताबिक, नाबालिग की मां की तबीयत खराब है और उनका इलाज भागलपुर में चल रहा है। बुधवार सुबह उसके पिता राजीव रंजन अपनी पत्नी को देखने भागलपुर गए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद नाबालिग ने पिता की स्कूटी निकाल ली और अपने चार साथियों के साथ सफियाबाद हवाई अड्डे के रास्ते घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित हो गई और इवनिंग वॉक कर रही आशरा देवी को टक्कर मार दी।


इस हादसे ने एक परिवार से उसकी आजीविका का सहारा छीन लिया। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद आशरा देवी दूसरों के घरों में चौका-बर्तन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।