MUNGER: अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ मुंगेर पुलिस और STF को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में दियारा क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया है। मौके से निर्मित और अर्धनिर्मित हथियारों के साथ भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं। इस दौरान एक हथियार निर्माता को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेर जिला लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के लिए बदनाम रहा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में लगातार पुलिस कार्रवाई के बावजूद हथियार बनाने का सिलसिला थम नहीं रहा है।
ताजा मामले में मुंगेर पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तौफीर हीरा राही बहियार में छापेमारी की। बहियार और झाड़ियों की आड़ में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर हथियार बनाते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा।
पुलिस ने मौके से एक बेस मशीन, एक देशी पिस्टल, दो अर्धनिर्मित पिस्टल, कई निर्मित और अर्धनिर्मित मैगजीन समेत हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए हैं।
इस मामले में सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि मुंगेर पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है और इसमें सफलता भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार निर्माण को पूरी तरह बंद करने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठा रही है। चाहे हथियार निर्माण गांव में हो, पहाड़ पर या दियारा क्षेत्र में—पुलिस की पहुंच हर जगह है।