Bihar News: मुंगेर में अनुकंपा के आधार पर बिजली विभाग में सरकारी नौकरी मिलने के बाद पति पर पत्नी को साथ रखने से इनकार करने का आरोप लगा है. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के घसियार मोहल्ले का है. पीड़ित महिला ने रविवार को कोतवाली थाने पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने पति पर प्रताड़ित करने और घर से बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.


पीड़िता की पहचान डिंपल कुमारी के रूप में हुई है. वह शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र के भमरिया गांव निवासी इंद्रदेव यादव की बेटी हैं. डिंपल की शादी वर्ष 2016 में मुंगेर के घसियार मोहल्ला निवासी स्व. राजेंद्र प्रसाद यादव के बेटे सुमन यादव से हुई थी.


शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप

डिंपल कुमारी का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे परेशान किया जाता रहा. वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद और परेशानी बनी रही. इसी बीच उसके पति सुमन यादव को अनुकंपा के आधार पर बिजली विभाग में नौकरी मिल गई.


महिला का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद पति के व्यवहार में और बदलाव आया और उसने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया. आरोप है कि पति ने उसे घर से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने स्तर से विवाद सुलझाने का प्रयास करती रही.


पंचायत के बाद भी नहीं सुलझा विवाद

पीड़िता के अनुसार, पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को खत्म कराने के लिए दोनों पक्षों के समाज के लोगों ने पंचायत भी की थी. पंचायत के जरिए दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद पति उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुआ.


इसके बाद डिंपल कुमारी रविवार को कोतवाली थाना पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन देकर पति के खिलाफ शिकायत की. महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.


पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि महिला की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन की जांच की जा रही है. जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.