Bihar News: मुंगेर के कल्याणपुर में आयोजित भव्य दीपोत्सव में शामिल हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। मां बड़ी दुर्गा महारानी के प्रांगण में गंगा तट पर आयोजित इस ऐतिहासिक दीपोत्सव का मुख्यमंत्री ने पहला दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाए गए। मुख्यमंत्री ने मां लक्ष्मी से कामना की कि पूरा बिहार समृद्ध बने।
अपने संबोधन में उन्होंने मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर मरीन ड्राइव, गंगा से गाद निकालने और बिहार में उद्योग एवं रोजगार को लेकर कई अहम बातें कहीं। मुख्यमंत्री के गृह जिले पहुंचने पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजनकर्ता डॉ. नीतीश चंद्र दुबे ने कहा कि सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ मुंगेर के बेटे भी हैं। उन्होंने अगले साल इससे भी बड़ा दीपोत्सव आयोजित करने की बात कही।
दीपों की रोशनी से जगमगाता गंगा तट, मां बड़ी दुर्गा महारानी की आस्था और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी मुंगेर के कल्याणपुर में दीपोत्सव का नजारा बेहद भव्य रहा। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से पहला दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मां लक्ष्मी से कामना की कि पूरा बिहार समृद्ध और खुशहाल बने। उन्होंने कहा कि असत्य पर सत्य की विजय होती है, तभी दीपावली का त्योहार मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
दीपोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने मुंगेर और भागलपुर के विकास को लेकर भी कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि गंगा के कटाव के कारण लाखों किसानों की खेती योग्य जमीन और फसल प्रभावित होती है। इस समस्या के समाधान और क्षेत्र के विकास को लेकर अगले दो महीने के भीतर मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर मरीन ड्राइव का काम शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने फरक्का से जुड़ी समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर अभियान चलाया गया है। 2 नवंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ सहमति बनी है कि बिहार में गंगा से गाद निकालकर सड़क निर्माण का काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी डैम तक गंगा का पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, बिहार में औद्योगिक विकास और रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपीपी मोड पर उद्योग लगाने का काम किया जा रहा है, ताकि बिहार के युवाओं को अपनी ही धरती पर रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि वे मुंगेर के बेटे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा नीतीश कुमार के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाल रहे हैं। साथ ही मुंगेर जिला और भागलपुर प्रमंडल की सभी सीटों पर चुनाव में समर्थन देने के लिए जनता का आभार जताया।